सहारनपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एवं योग सप्ताह (15 से 21 जून) के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविरों का आयोजन किया गया। योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जिला कारागार सहित कई स्थानों पर विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। आयुष विभाग की ओर से जिला कारागार सहारनपुर, देवबंद, भूरी बांस, जड़ौदा पांडा, प्राथमिक विद्यालय मीरपुर, नकुड़ तथा अध्यान क्षेत्र में योग शिविर लगाए गए। शिविरों में प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग शिविरों के दौरान अर्धचक्रासन, भुजंगासन, वज्रासन, मकरासन एवं ताड़ासन सहित अनेक लाभकारी योगासन कराए गए।read more:https://pahaltoday.com/the-person-who-complained-about-the-kidney-issue-is-now-being-investigated-for-cyber-fraud/प्रशिक्षकों ने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए संतुलित आहार, स्वस्थ दिनचर्या और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को योग से संबंधित जागरूकता सामग्री वितरित की गई तथा उन्हें प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। आयुष विभाग के अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे सप्ताह विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम और योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।