सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड, विकास एवं राजस्व कार्यों, सीएमआईएस तथा आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर खराब रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम डैशबोर्ड की महत्ता को समझें और योजनाओं की प्रगति से संबंधित आंकड़ों की समय पर एवं सही फीडिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत या अधूरा डाटा विभाग की रैंकिंग को प्रभावित करता है, इसलिए सभी अधिकारी स्वयं इसकी नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए।read more:https://pahaltoday.com/road-development-in-farrukhabad-gains-momentum-comprehensive-review-of-action-plan-for-2026-27/उन्होंने कहा कि समय से निस्तारण नहीं करने और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं तथा प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने मां शाकंभरी समेकित पर्यटन विकास परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। बैठक में आगामी 22 से 26 जून तक चलाए जाने वाले विशेष अभियान के तहत अंश निर्धारण और फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए। राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित एवं पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमित सुनवाई कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।