सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को आबकारी कार्यालय पहुंचकर जिला आबकारी अधिकारी को पत्र सौंपा और आबकारी निरीक्षक द्वारा की गई जांच को लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि आबकारी निरीक्षक विनोद कुमार साव उनके घर पहुंचे और उनके माता-पिता से उनके द्वारा नशे का कारोबार संचालित किए जाने की बात कही। संदीप मिश्र के अनुसार घरवालों के फोन से निरीक्षक से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जांच के बाद निरीक्षक ने स्वयं उन्हें बताया कि जांच में इस तरह की कोई बात नहीं पाई गई।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette मोर्चा संयोजक ने शिकायतकर्ता का नाम पूछे जाने पर निरीक्षक द्वारा प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए नाम बताने से इनकार किए जाने की बात कही। इसके बाद मोर्चा प्रतिनिधिमंडल ने जिला आबकारी अधिकारी को पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, शिकायत की सत्यता की जांच करने और यदि शिकायत फर्जी पाई जाए तो शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही शिकायतकर्ता का नाम सार्वजनिक किए जाने की मांग भी उठाई गई। संदीप मिश्र ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और विंध्य एक्सप्रेसवे से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन किए जाने के कारण उन्हें परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोर्चा क्षेत्र के किसानों और परिवारों के हितों के लिए आवाज उठाता रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में आकाश चैहान, शत्रुघ्न बिंद, संजय बियार, दिनेश चेरो, सुरेश खरवार, अरविंद पटेल और रोहित मौर्य शामिल रहे।