म्योरपुर (सोनभद्र)। दक्षिणांचल क्षेत्र में प्रदूषण, फ्लोराइड की समस्या और ग्रामीणों के जीवन संघर्ष पर आधारित ‘हर घर शुद्ध जल’ फिल्म के प्रचार कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार देर शाम मुंबई में किया गया। कार्यक्रम में देश के कई प्रसिद्ध फिल्म निर्माता, निर्देशक, कलाकार और लेखकों ने फिल्म की सराहना करते हुए इसे सोनभद्र की जमीनी समस्याओं को उजागर करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।read more:https://pahaltoday.com/consumers-booked-for-gas-refill-booking/प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सुभाष घई के थिएटर में आयोजित कार्यक्रम में महाभारत धारावाहिक के युधिष्ठिर की भूमिका निभाने वाले गजेंद्र चैहान, अभिनेता अली खान, छोटे सचिन, रमेश गोयल, कृष्ण वंशल तथा सीमा फिल्म के सहायक निर्देशक योगेश भारद्वाज सहित कई हस्तियां शामिल हुईं। सभी ने फिल्म के माध्यम से फ्लोराइड और प्रदूषण से प्रभावित लोगों की पीड़ा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सराहना की। फिल्म निर्माता सुरेंद्र सिंह, मानवाधिकार कार्यकर्ता बंटी श्रीवास्तव तथा निर्देशक देवेंद्र शिवाजी जाधव के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह फिल्म सोनभद्र की वास्तविक समस्याओं को देश और दुनिया के सामने लाने का कार्य कर रही है। फिल्म में नदियों में बहते राखड़, बलिया नाले में कोयला मिश्रित पानी, रेणुका क्षेत्र की स्थिति तथा फ्लोराइड से प्रभावित लोगों की परेशानियों को प्रमुखता से दिखाया गया है। कार्यक्रम के दौरान योगेश भारद्वाज ने वरिष्ठ पर्यावरण कार्यकर्ता जगत नारायण विश्वकर्मा से चर्चा कर सोनभद्र के इतिहास में दर्ज मंजरी-लेरिक की अनकही प्रेम कहानी और फ्लोराइड पीड़ितों के जीवन संघर्ष पर भी फिल्म बनाने की इच्छा जताई। अन्य निर्माताओं और निर्देशकों ने भी सोनभद्र आकर यहां की कहानियों पर कार्य करने की बात कही। मानवाधिकार कार्यकर्ता बंटी श्रीवास्तव ने बताया कि यह फिल्म अब तक 27 देशों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं पर व्यापक स्तर पर ध्यान जाएगा और सरकार जनहित में और ठोस कदम उठाएगी। कार्यक्रम के अंत में अश्वनी सिंह, अशोक दुबे, प्रभात कुमार, के. पांडेय तथा पर्यावरण चिंतक प्रशांत दुबे सहित सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। फ्लोराइड पीड़ितों की दुर्दशा और प्रदूषण के दुष्प्रभावों को देखकर कार्यक्रम में मौजूद कई लोग भावुक हो गए।