शक्तिनगर, सोनभद्र। अंतरराष्ट्रीय योग एवं ध्यान जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को शक्तिनगर थाना परिसर में एक दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान एवं योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक जीवन शैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में हार्टफुलनेस के जिला कोऑर्डिनेटर रवि जैन ने बताया कि जनपद में लगातार योग एवं ध्यान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों के साथ-साथ पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि ध्यान व्यक्ति के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सुबह थाना परिसर में आयोजित सत्र में प्रशिक्षक एस.एन. सिंह ने थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, महिला आरक्षियों तथा अन्य पुलिसकर्मियों को हार्टफुलनेस ध्यान का अभ्यास कराया।read more:https://pahaltoday.com/co-gave-instructions-for-action-against-anarchists-and-drug-addicts/ उन्होंने ध्यान, प्रार्थना और आंतरिक शुद्धि (क्लीनिंग) की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नियमित ध्यान से मानसिक तनाव कम होता है, सकारात्मक सोच विकसित होती है तथा कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है। ऐसे में नियमित ध्यान और प्रार्थना मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को दैनिक ध्यान, प्रार्थना और मानसिक स्वच्छता के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। कार्यक्रम में हार्टफुलनेस के अभ्यासी श्रवण कुमार यादव, मनोज कुमार सोनी, मुन्नीलाल विश्वकर्मा सहित कई साधक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ध्यान सत्र में शामिल पुलिसकर्मियों ने इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम तनावमुक्त जीवन और बेहतर कार्य प्रदर्शन में सहायक हैं। समापन अवसर पर उपस्थित लोगों ने पुलिस विभाग सहित अन्य संस्थानों में भी समय-समय पर ऐसे ध्यान एवं योग कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।