बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह की पहल पर प्रदेश की मंडियों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी’ के अंतर्गत मंडियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मुरादाबाद मंडल के उपनिदेशक शिवकुमार राघव ने कृषि उत्पादन मंडी समिति चांदपुर, हल्दौर और नगीना का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने मंडी परिसरों में साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मंडी परिसर, नीलामी चबूतरों, दुकानों, किसान विश्राम गृहों, शौचालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही नालियों में जमा गंदगी को हटाने, जलभराव की समस्या दूर करने और मंडियों में आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए।
read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/
समय सीमा में पूरे किए जाएं स्वच्छता कार्य
उपनिदेशक शिवकुमार राघव ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित मंडी सचिवों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे करने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मंडियां केवल कृषि उपज की खरीद-बिक्री के केंद्र नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों और श्रमिकों की दैनिक गतिविधियों के प्रमुख स्थल हैं। ऐसे में मंडियों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। अभियान का उद्देश्य किसानों और व्यापारियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ मंडियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है।इस अवसर पर लिपिक खालिद अहमद, नगीना मंडी सचिव अभिषेक शर्मा, हल्दौर मंडी सचिव श्रीमती महादेवी, चांदपुर मंडी सचिव राहुल चौधरी सहित संबंधित मंडियों का स्टाफ मौजूद रहा।