हरिकृष्ण कश्यप कानपुर देहात।प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, नकलविहीन, निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष, कलेक्ट्रेट, कानपुर देहात में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मा0 आयोग के प्रेक्षक विपिन यादव तथा जनपद के सभी छः परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक सहित सेक्टर, स्टैटिक व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। जनपद में पीईटी-2026 की परीक्षा दिनांक 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवंबर, 2026 को निर्धारित छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03ः00 बजे से 05ः00 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली में 2,424 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। इस प्रकार प्रतिदिन दोनों पालियों में कुल 4,848 परीक्षार्थी तथा तीनों परीक्षा दिवसों में कुल 14,544 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जनपद के छह परीक्षा केंद्रों में अकबरपुर डिग्री कॉलेज, माती रोड, अकबरपुर, आरपीएस इंटर कॉलेज, रूरा, श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज, मोहम्मदपुर, श्री मालवीय इंटर कॉलेज, मंुगीसापुर, नन्दपुर, डेरापुर, श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज, मेन रोड, पुखरायाँ तथा विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, अहरौली शेख, पुखरायाँ शामिल हैं।read more:https://pahaltoday.com/jan-adhikar-party-demands-caste-census-and-other-measures/ जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करें। परीक्षा केंद्रों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित समय-सारिणी का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। तैनात अधिकारी परीक्षा संबंधी गोपनीय सामग्री, प्रश्नपत्र एवं अन्य परीक्षा सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखने तथा संबंधित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान अपने निर्धारित केंद्रों पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा प्रतिकूल परिस्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी अथवा किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं उपकरणों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी केंद्र व्यवस्थापक यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा संबंधी निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा के दौरान सतर्कता बनाए रखें तथा शासन एवं परीक्षा आयोजन से संबंधित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, जिससे जनपद में पीईटी-2026 की परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं सकुशल संपन्न कराई जा सके।