आजमगढ़। अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही आजमगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय ठग और चोर गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले एक बदमाश के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगी, जबकि दूसरा बदमाश घेराबंदी कर दबोच लिया गया।पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 की देर रात प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय को सूचना मिली कि दो संदिग्ध अपराधी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाग लखराव पुलिया के रास्ते शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी।जैसे ही पुलिस ने दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें राजेश यादव पुत्र महेंद्र यादव निवासी शंकरपुर, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी विजय यादव पुत्र हरिराम निवासी केशरवां, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।घायल बदमाश को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।read more:https://khabarentertainment.in/509-vidyut-sakhis-in-bijnor-receive-thermal-printers-instant-electricity-bill-receipts-will-now-be-available-at-doorsteps/पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद मोटरसाइकिल हाल ही में सदर अस्पताल परिसर से चोरी की गई थी। इस मामले में थाना कोतवाली में पहले से मुकदमा दर्ज था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।पुलिस जांच में सामने आया कि घायल अभियुक्त राजेश यादव एक शातिर अंतरजनपदीय अपराधी है। उसके विरुद्ध गाजीपुर, मऊ, मिर्जापुर और आजमगढ़ जनपदों में चोरी, ठगी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 17 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि यह गैंग कई जिलों में सक्रिय होकर वाहन चोरी और ठगी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।दूसरे अभियुक्त विजय यादव के विरुद्ध भी थाना कोतवाली आजमगढ़ में विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों के खिलाफ मुठभेड़, अवैध शस्त्र रखने तथा अन्य संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय ने किया। अभियान में उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, मिथिलेश प्रजापति, उदयशंकर तिवारी, रामकिशोर शर्मा सहित कोतवाली पुलिस की पूरी टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाएगी।