सोनभद्र। जिले में हेरोइन तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनभद्र पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद वकील को बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की भूमिका तस्करी नेटवर्क को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और हेरोइन की आपूर्ति में सहयोग करने के रूप में सामने आई है। आरोपी को 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में तलाश किया जा रहा था। read more:https://pahaltoday.com/the-houses-of-people-living-on-government-land-were-demolished/
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 को चोपन पुलिस और एसओजी की टीम ने वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर कार्रवाई करते हुए दो लग्जरी वाहनों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। मामले में थाना चोपन में एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विस्तृत विवेचना के दौरान पुलिस को तस्करी नेटवर्क के विस्तार और उसकी वित्तीय व्यवस्था से जुड़े अहम तथ्य मिले। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए लखनऊ, बाराबंकी समेत अन्य स्थानों से थोक मात्रा में हेरोइन लाकर सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों में कथित तौर पर फुटकर बिक्री कराई जाती थी। जांच में बाराबंकी निवासी मोहम्मद वकील का नाम सामने आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर को दोपहर 2ः10 बजे बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम टिकरा मुर्तजा से मोहम्मद वकील (36) पुत्र मोहम्मद शकील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सोनभद्र के चोपन थाने में दर्ज मुकदमे के अलावा लखनऊ पूर्वी के चिल्हट थाने में एनडीपीएस एक्ट और बाराबंकी के जैदपुर थाने में जुआ अधिनियम के तहत दर्ज मामले भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल हैं।