शेरकोट । ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को थाना क्षेत्र के ग्राम रामसहायवाला में धामपुर शुगर मिल की ओर से निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। गांव निवासी उदयवीर सिंह के आवास पर आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।शिविर में चिकित्सक डॉ. मोहम्मद आरिफ, डॉ. तारिक वसीम, मोहम्मद उस्मान और डॉ. उमर फारूक की टीम ने मरीजों की जांच की। इस दौरान करीब 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें बीमारियों से संबंधित जरूरी चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जांच के बाद मरीजों को आवश्यकता के अनुसार दवाइयां भी निशुल्क वितरित की गईं। वहीं, आंखों की रोशनी से संबंधित परेशानी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को नजर के चश्मे उपलब्ध कराए गए। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच कराने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने की सलाह दी।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और निशुल्क दवाइयों की सुविधा मिली। धामपुर शुगर मिल की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे शिविरों से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को काफी राहत मिलती है और उन्हें समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध होती है।