शेरकोट । महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाते हुए शनिवार को एंटी रोमियो अभियान चलाया। अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने हरेवली तिराहे पर पहुंचकर अनावश्यक रूप से खड़े युवकों को समझाया और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी।शनिवार दोपहर महिला शक्ति केंद्र की महिला सिपाही आशू चौहान, प्रतिभा सैनी और रानू ने हरेवली तिराहे पर अभियान चलाया। इस दौरान चौराहे और आसपास बिना किसी जरूरी काम के खड़े युवकों से पूछताछ की गई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जमावड़ा लगाने और महिलाओं एवं युवतियों को परेशान करने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। किसी भी तरह की अभद्र टिप्पणी, छींटाकशी अथवा गलत व्यवहार पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों से भी संवाद किया। उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 सहित अन्य सहायता नंबरों की जानकारी भी दी गई।पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि एंटी रोमियो अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए जागरूक करना है।