बिजनौर। कोतवाली शहर क्षेत्र के महादेवपुरम कॉलोनी में कथित रूप से संचालित एक क्लीनिक में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम शहजादपुर थाना नांगल सोती निवासी जोगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अप्रैल को उनकी पत्नी उषा देवी को प्रसव पीड़ा होने पर वे उन्हें महादेवपुरम स्थित एक क्लीनिक पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने भर्ती करने के नाम पर 20 हजार रुपये जमा कराए और डिलीवरी कराने की बात कही।read more:https://khabarentertainment.in/theft-in-a-locked-house-exposed/परिजनों के अनुसार डिलीवरी के दौरान महिला को अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, लेकिन उचित इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतका के पति ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी की जान गलत इलाज के चलते गई है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। पीड़ित ने कोतवाली शहर पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा क्लीनिक की जांच कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।