ईएलसी के तहत निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन 

Share
भदोही। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में मतदाता साक्षरता क्लब (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब-ईएलसी) के तत्वावधान में श्री केपी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के कक्षा 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर निर्वाचन प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से संबंधित विषयों पर अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए शुद्ध मतदाता सूची का महत्व तथा ‘मतदान का महत्व विषय निर्धारित किए गए। छात्र-छात्राओं ने निर्धारित शब्द सीमा के अंतर्गत हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में निबंध लेखन किया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को निष्पक्ष, शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची के महत्व तथा लोकतंत्र में प्रत्येक मत की उपयोगिता से परिचित कराया गया। इसी क्रम में निर्वाचन प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम), वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) तथा मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया से संबंधित प्रश्नों पर आधारित चुनावी साक्षरता क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के निर्वाचन संबंधी ज्ञान में वृद्धि करने के साथ ही उन्हें मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मताधिकार के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें भविष्य में जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *