दुलमदासपुर-बौलिया में सड़क पर भरे दुर्गंधित पानी से ग्रामीण परेशान

Share
भदोही। विकासखंड क्षेत्र की ग्रामसभा दुलमदासपुर बौलिया में जलभराव और दुर्गंधित पानी ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विधायक और प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि 10 साल से गांव में कोई विकास कार्य नहीं हुआ और जनप्रतिनिधि चुनाव बाद गांव की सुध नहीं ले रहे। गांव की मुख्य सड़क पर भीषण गर्मी में भी बरसात जैसा पानी लबालब भरा है। सड़ा-गला बदबूदार पानी डंप होने से पूरे गांव में दुर्गंध फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्मल गांव से अलंकृत दुलमदासपुर की पहचान अब क्षतिग्रस्त सड़कें, बजबजाती नालियां और बहता गंदा पानी बन गई है। इसी मार्ग से कालीन कंपनियों के बुनकर और कांट्रेक्टर रोज कालीन लेकर आते-जाते हैं।read more:https://pahaltoday.com/city-international-school-inaugurated-in-devan/ पानी में फिसलकर उनके कालीन रोज गिर रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि डंप पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण सांस लेना मुश्किल हो गया है। बच्चे, बूढ़े और महिलाएं मलेरिया-टाइफाइड जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। कई बार प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रदर्शन कर रहे राहुल पांडेय, सुभाष मौर्य, चंदा मौर्य, मो.असलम, अब्दुल मालिक, भोला अंसारी, बाले अंसारी, दीपक पांडेय, राज पांडेय, बल्लू बिंद, मो. याकूब, चिंतामणि पांडेय, गणेश पांडेय सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कहा कि भदोही विधायक को 5 साल बीतने को हैं, लेकिन वे गांव में झांकने तक नहीं आए। चुनाव में खुशहाली और तरक्की के वादे किए गए थे, जीतने के बाद एक ईंट तक नहीं लगी। ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर खुद एक नाले की पुलिया बनवाई है, जिससे पूरा गांव गुजरता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि सड़कों पर बह रहे दुर्गंधित पानी की निकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तत्काल कराई जाए, ताकि मलेरिया-टाइफाइड जैसी बीमारियों से गांव को बचाया जा सके और बुनकर-कांट्रेक्टरों को नुकसान से राहत मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *