सहारनपुर। वाराणसी जोन में आयोजित 51वीं प्रादेशिक क्लस्टर उत्तर प्रदेश पुलिस (जूडो, वुशु, ताइक्वांडो, कराटे एवं पेंचक सिलाट) प्रतियोगिता-2026 में सहारनपुर पुलिस की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार चैंपियनशिप अपने नाम कर जनपद का गौरव बढ़ाया। 21 से 24 जून 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में सहारनपुर पुलिस की चार टीमों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जूडो (पुरुष एवं महिला वर्ग) में दो, वुशु (महिला वर्ग) में एक तथा ताइक्वांडो (महिला वर्ग) में एक टीम ने चैंपियनशिप जीतकर सहारनपुर पुलिस का परचम लहराया। प्रतियोगिता में शानदार सफलता के बाद गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को चैंपियनशिप शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।read more:https://pahaltoday.com/city-international-school-inaugurated-in-devan/इस अवसर पर एसएसपी ने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल पुलिस कर्मियों में शारीरिक दक्षता, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जनपद एवं उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया। सम्मान समारोह के दौरान विजेता खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सहारनपुर पुलिस की इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने भी इस सफलता का श्रेय अपने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और टीम भावना को दिया।