भदोही। भारत के हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण अवसर के रूप में आयोजित होने जा रहे 50वें (गोल्डेन जुबली) इंडिया कार्पेट एक्सपो-2026 की तैयारियों के लिए शुक्रवार को कार्पेट एक्सपो मार्ट, कार्पेट सिटी में द्वितीय बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने की। इस दौरान बैठक में 4 से 6 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 50वें इंडिया कार्पेट एक्सपो के सफल, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। यह ऐतिहासिक आयोजन भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक होगा।read more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/ मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा सभी कार्यों को समय से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि यह एक्सपो केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग की उत्कृष्ट परंपरा, गुणवत्ता, नवाचार एवं वैश्विक सफलता का उत्सव है। यह आयोजन देश-विदेश के खरीदारों, निर्यातकों, निर्माताओं एवं उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों को एक बेहतर मंच प्रदान करेगा, जहां नए व्यापारिक संबंध स्थापित होंगे तथा निर्यात के नए अवसर विकसित होंगे। सभी सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए तथा 50वें (गोल्डेन जुबली) इंडिया कार्पेट एक्सपो-2026 को अब तक का सबसे भव्य, सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन बनाने के लिए पूर्ण समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। इस मौके पर सीईपीसी के मेला संयोजक वासिफ अंसारी तथा प्रशासनिक समिति के सदस्य अनिल कुमार सिंह इम्तियाज़ अहमद, संजय गुप्ता, हुसैन जफर हुसैनी एवं रोहित गुप्ता उपस्थित रहे।