बीजपुर, सोनभद्र। एनटीपीसी रिहंद में सीआईएसएफ अग्निशमन निदेशालय नई दिल्ली के निर्देश पर 3 एवं 4 नवंबर को वार्षिक अग्नि सुरक्षा ऑडिट संपन्न हुआ। ऑडिट उप कमांडेंट (फायर) राजेश कुमार शर्मा सीआईएसएफ यूनिट एटीपीपी अनपरा ने किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं, संसाधनों की कार्यक्षमता और आपातकालीन तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान दोनों अग्निशमन केंद्रों, फायर कंट्रोल रूम, फायर स्टोर एवं सीआईएसएफ मुख्यालय का जायजा लिया गया। अग्निशमन वाहनों और बचाव उपकरणों का संचालन कर उनकी कार्यक्षमता परखी गई। वहीं, फ्यूल ऑयल टैंक क्षेत्र में आयोजित मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों की आपातकालीन प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय की परीक्षा ली गई। ऑडिट अधिकारी ने सीआईएसएफ अग्निशमन विंग की रिस्पांस टीम, क्यूआरटी, एंबुलेंस सेवा तथा संचालन एवं अनुरक्षण विभाग की तत्परता और बेहतर तालमेल की सराहना की। उन्होंने एनटीपीसी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर भी चर्चा किया । इस अवसर पर सैनिक सम्मेलन आयोजित कर बल सदस्यों को अग्नि सुरक्षा एवं ड्यूटी के प्रति सजगता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।