आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को ऐतिहासिक विजयगढ़ दुर्ग एवं रामसरोवर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विजयगढ़ दुर्ग तक जाने वाली सीढ़ियों के प्रवेश द्वार की मरम्मत शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को दुर्ग की सीढ़ियों से रामसरोवर तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को निर्देशित किया कि रामसरोवर से जल भरकर लौटने वाले कांवड़ियों के लगभग पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर प्राथमिकता के आधार पर समुचित लाइटिंग की व्यवस्था कराई जाए, ताकि रात्रि में भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/
विजयगढ़ दुर्ग पर सुरक्षा के रहेंगे पुख्ते इंतजाम
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों को विजयगढ़ दुर्ग, रामसरोवर और संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, संवेदनशील स्थलों पर विशेष चैकसी, रात्रिकालीन गश्त तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बगीश कुमार शुक्ल, जिला पंचायत राज अधिकारी नमित शरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।