सोनभद्र। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 11 जुलाई से दस्तक अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के तहत विशेष साफ-सफाई अभियान के साथ घर-घर स्वास्थ्य सर्वे कराया जा रहा है।
अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा ग्राम प्रधान मिलकर ग्रामीणों को संक्रामक रोगों से बचाव, स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति जागरूक कर रहे हैं। गांवों में झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, शौचालय निर्माण, फॉगिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम भी लगातार संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, अब तक 2,416 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 2,421 हैंडपंपों की मरम्मत, 1,031 हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत तथा 638 शौचालयों का निर्माण कराया जा चुका है।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/……………. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 1,340 और शहरी क्षेत्रों में 1,397 नालियों की सफाई का कार्य पूरा किया गया है। ग्राम सभाओं, प्रभात फेरियों और कृंतक नियंत्रण संबंधी गोष्ठियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। दस्तक अभियान के तहत घर-घर स्वास्थ्य सर्वेक्षण में अब तक 4,843 बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान की गई है। इनमें 4,757 लोगों की आरडीटी किट से जांच की गई, जिसमें 9 मरीज मलेरिया से संक्रमित मिले। इसके अलावा 528 आईएलआई (खांसी-जुकाम) के लक्षण वाले, 172 संभावित क्षय रोगियों तथा 119 संभावित डायरिया मरीजों को चिन्हित कर आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को संदर्भित किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, समयबद्ध जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद को संचारी रोगों के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।