बहराइच ( पयागपुर तहसील )l पयागपुर-इकौना मार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ी नहर पुलिया के पास एक कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दंपती घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पयागपुर भेजवाया।read more:https://pahaltoday.com/khalsa-srcc-and-ramjas-college-win-in-pspb-baba-deep-singh-basketball/जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बड़ी नहर पुलिया के निकट एक अर्टिगा कार (UP 37T 9324) और पल्सर मोटरसाइकिल (UP 40AY 4187) की टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार सुरेश तिवारी (40 वर्ष) पुत्र विशंभर तिवारी तथा उनकी पत्नी कांति देवी (35 वर्ष) निवासी बेलवा पदुम, थाना पयागपुर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायलों की सहायता की। इसी बीच घटना की सूचना पाकर पयागपुर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी पयागपुर भिजवाया, जहां उनका उपचार किया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया, जिससे यातायात सामान्य हो गया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बड़ी नहर पुलिया के आसपास का क्षेत्र काफी व्यस्त रहता है और यहां अक्सर तेज रफ्तार तथा लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय किए जाने की मांग भी की है।