ललितपुर/बुंदेलखंड। शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल पर जिले में एक अनूठा और प्रेरणादायक विवाह समारोह संपन्न हुआ, जिसमें परंपरागत रस्मों के साथ संविधान की मूल भावना को केंद्र में रखा गया। यह आयोजन ट्रस्ट द्वारा “संविधान से प्रेरित शादी विवाह” अभियान के तहत किया गया, जो समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास है।
मड़ावरा ब्लॉक के ग्राम धवा स्थित लहरधाम में आयोजित इस समारोह में ग्राम बिरधा निवासी सौरभ साहू और ग्राम सोंरई की नेहा साहू का विवाह पूर्णतः संवैधानिक विधि से सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई और समापन राष्ट्रगान जन गण मन के साथ किया गया। लगभग 45 से 60 मिनट तक चले इस आयोजन में सभी प्रमुख रस्में मंच पर सम्पन्न हुईं।
समारोह का मुख्य आकर्षण संविधान की उद्देशिका के समक्ष वर-वधू द्वारा शपथ ग्रहण रहा, जिसे ट्रस्ट प्रतिनिधि डॉ. के.एस. यादव ने संपन्न कराया। दोनों ने वैवाहिक जीवन में एक-दूसरे के प्रति सम्मान, समानता और सहयोग का संकल्प लिया। इसके साथ ही संविधान की प्रतिकृति के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर मौन नमन किया गया तथा उसकी परिक्रमा, हस्ताक्षर और आधिकारिक विवाह प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।read more:https://khabarentertainment.in/akanshu-govil-takes-over-as-deputy-chief-traffic-manager-and-station-director-kanpur/कार्यक्रम में जयमाला विनिमय, मंगलसूत्र बंधन, सिंदूर दान और कंगन जैसी पारंपरिक रस्मों का भी प्रतीकात्मक रूप से निर्वहन किया गया। वर-वधू ने अपने माता-पिता का चरण स्पर्श कर सम्मान व्यक्त किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए।
इस अवसर पर वधू सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कहा गया कि बेटी विवाह के बाद भी अपने माता-पिता की बेटी बनी रहती है।
ट्रस्ट के संस्थापक खुशाल चन्द्र साहू ने नवदंपति को संविधान की प्रतिकृति भेंट की। कार्यक्रम में ग्राम सोंरई के प्रधान भगवान दास रजक एवं बिरधा की ग्राम प्रधान श्रीमती अनीता साहू सहित दोनों पक्षों के परिजन, गवाह और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया और पुष्प वर्षा कर राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया। गौरतलब है कि शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट देहदान, अंगदान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय है। ट्रस्ट द्वारा यह इस प्रकार का एक वर्ष में दूसरा आयोजन है, इससे पूर्व 23 सितंबर 2025 को भी एक विवाह इसी अवधारणा के तहत सम्पन्न कराया गया था। इस दौरान ट्रस्ट कमेटी से सुषमा साध कोषाध्यक्ष, वंदना मेहता काउंसलर, जेपी यादव वित्तीय पर्यवेक्षक एवं सामंत सिंह यादव ट्रस्टी मौजूद थे
वर पक्ष से- माता सोमती, पिता मूलचंद, परिवार से हरीराम,कोमल, सुखलाल अरविंद एवं अभय ,वधू पक्ष से- पिता श्रीराम, मदन लाल दिनेश कुमार, बहिन डोली, मौसी मुन्नी देवी एवं गीता आदि शामिल रहे