छुटमलपुर। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर गणेशपुर स्थित टोल प्लाजा से रविवार से टोल वसूली शुरू कर दी गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा जारी दरों के अनुसार अब वाहन चालकों को निर्धारित शुल्क अदा करना होगा। कार चालकों के लिए एक तरफ का टोल 150 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर 225 रुपये देने होंगे। वहीं मासिक पास (50 सिंगल यात्रा तक वैध) के लिए 4985 रुपये निर्धारित किए गए हैं। टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों को राहत देते हुए मासिक पास मात्र 350 रुपये में उपलब्ध कराया गया है।
गौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी से एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर वाहनों का संचालन शुरू हो गया था। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका औपचारिक लोकार्पण किया गया था। हालांकि अब तक टोल वसूली शुरू नहीं हुई थी। 25 अप्रैल को NHAI द्वारा दरें घोषित किए जाने के बाद 26 अप्रैल से टोल वसूली लागू कर दी गई। अन्य वाहनों की दरों की बात करें तो हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनी बसों के लिए एक तरफ का टोल 240 रुपये और दोनों तरफ का 360 रुपये तय किया गया है, जबकि मासिक पास 8050 रुपये में मिलेगा। बस और ट्रक के लिए एक तरफ का टोल 505 रुपये, दोनों तरफ का 760 रुपये और मासिक पास 16865 रुपये निर्धारित किया गया है। तीन धुरी वाले वाणिज्यिक वाहनों को एक तरफ के लिए 550 रुपये, दोनों तरफ के लिए 830 रुपये तथा मासिक पास के लिए 18400 रुपये देने होंगे। भारी निर्माण मशीनरी पर एक तरफ का टोल 795 रुपये, दोनों तरफ का 1190 रुपये और मासिक पास 26450 रुपये तय किया गया है। बड़े आकार के वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 965 रुपये, दोनों तरफ का 1450 रुपये और मासिक पास 32200 रुपये निर्धारित किया गया है।read more:https://pahaltoday.com/chief-minister-naidu-held-a-review-meeting-on-the-fuel-crisis-in-andhra-pradesh/
टोल वसूली शुरू होने के साथ ही अब एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को जेब ढीली करनी पड़ेगी, हालांकि बेहतर और तेज सफर की सुविधा मिलने से लोगों को राहत भी मिलेगी।