सोनभद्र। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का बुधवार को शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे।read more:https://khabarentertainment.in/asp-shubham-agarwal-reviewed-the-beat-police-personnel-at-the-police-office/
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया। इस दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिक्षकों को योजना से संबंधित प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं कर्मचारी मौजूद रहे।