*जयपुर में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय अधिवेशन में पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने का प्रस्ताव पारित; 250 रुपये में फर्जी प्रेस कार्ड बांटने वालों पर लगाम लगाने की उठी मांग*जयपुर। राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने फेक न्यूज और सोशल मीडिया पर बिना किसी आधार के खुद को पत्रकार घोषित कर देने की प्रवृत्ति को आज की सबसे बड़ी चुनौती बताया है। उन्होंने नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) से आह्वान किया कि वे फेक न्यूज से निपटने के लिए स्वयं एक ठोस कार्ययोजना तैयार कर सरकार को सौंपें, ताकि सरकार पत्रकारों के सुझावों के अनुरूप इसे प्रभावी ढंग से अमल में ला सके।रविवार सुबह जयपुर के सेक्टर-4 स्थित परशुराम भवन में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए डॉ. देवनानी ने देशभर से जुटे पत्रकारों को राजस्थान विधानसभा भ्रमण का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि आज देश और पत्रकारिता एक ही दौर से गुजर रहे हैं। जहां एक तरफ वास्तविक पत्रकार संघर्ष कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ 1 मिनट की अनर्गल बयानबाजी कर हंगामा खड़ा करने वाले लोग सुर्खियां बटोर रहे हैं, जबकि मर्यादा और तथ्यों के साथ गंभीर बात रखने वाले को महज चार लाइन की जगह मिलती है।
*संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और ‘राष्ट्र प्रथम’ आवश्यक*
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत के लोकतंत्र को कोई खतरा नहीं है, बल्कि पत्रकारों का यह दायित्व है कि वे इसे और अधिक मजबूत बनाएं। असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हो सकती है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनादर बढ़ना देश के लिए खतरनाक है। उन्होंने पत्रकारों से ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ समीक्षात्मक आलेख लिखने का आग्रह किया, जिनमें समस्याओं के साथ समाधान की राह भी दिखाई गई हो। पत्रकार सुरक्षा कानून पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इस पर विचार कर रही है, लेकिन मीडिया संस्थानों के मालिकों द्वारा सरकारी योजनाओं और वेतनमान को लागू करना भी एक बड़ा मुद्दा है। उन्होंने पत्रकार संगठनों से भी एक ऐसी पारदर्शी व्यवस्था बनाने को कहा जिससे सरकार को सहयोग करने में स्पष्टता रहे।
*पत्रकारिता में सभी का स्वागत, लेकिन संस्थागत और अधिकृत पत्रकारों की प्रामाणिकता व सम्मान सुनिश्चित हो : जगदीश चंद्र*
-नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय अधिवेशन में भारत 24 के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ जगदीश चंद्र ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता और वास्तविक पत्रकारों के सम्मान को लेकर अत्यंत सार्थक और दूरगामी संदेश दिया। अपने उद्बोधन में उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारिता के पवित्र क्षेत्र में नए लोगों और विचारों का सदैव स्वागत है, किंतु आज सबसे बड़ी आवश्यकता संस्थागत और अधिकृत पत्रकारों की प्रामाणिक पहचान तथा उनके उचित सम्मान को सुनिश्चित करने की है।जगदीश चंद्र ने वर्तमान परिदृश्य पर चिंता जताते हुए कहा कि आज मीडिया जगत में नियमित रूप से सक्रिय और संस्थागत पत्रकारों की तुलना में ऐसे लोगों की संख्या अधिक दिखाई देने लगी है, जिनके पास केवल पत्रकारिता का पहचान पत्र है, लेकिन उनका वास्तविक और नियमित पत्रकारिता से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी को रोकना या किसी की राह में बाधा बनना नहीं है, बल्कि यह तय करना है कि प्रामाणिकता और आधिकारिक पहचान के मामले में मुख्यधारा के संस्थागत मीडिया से जुड़े तथा अधिकृत पत्रकारों को ही प्राथमिकता और गरिमापूर्ण स्थान मिले।उन्होंने एनयूजेआई द्वारा इस गंभीर विषय को राष्ट्रीय मंच पर उठाने की मुक्त कंठ से सराहना की। साथ ही यह भरोसा भी दिलाया कि जिम्मेदार मीडिया संस्थान इस सकारात्मक पहल के साथ मजबूती से खड़े हैं और ऐसे विमर्शों का व्यापक प्रसारण करेंगे, ताकि आमजन तक भी वास्तविक पत्रकारिता की चुनौतियां और सरोकार पहुंच सकें। अंत में उन्होंने आयोजकों के सफल प्रयासों की प्रशंसा करते हुए सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।
*सोशल मीडिया की अनर्गल बयानबाजी पत्रकारिता नहीं, मर्यादा और शुचिता ही असली पहचान : विधायक गोपाल शर्मा*
-नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में बतौर विशिष्ट अतिथि सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के नाम पर फैल रही गैर-जिम्मेदाराना पत्रकारिता पर गंभीर चिंता व्यक्त की। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आज बिना किसी तथ्य, अध्ययन या सामाजिक सरोकार के जो कुछ भी मुंह से बोल दिया जाता है, उसी को पत्रकारिता मान लेने की गलत प्रवृत्ति विकसित हो रही है। यह स्थिति न केवल इस पवित्र पेशे की साख को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि समाज को भी भ्रमित कर रही है।विधायक शर्मा ने कहा कि वास्तविक पत्रकारिता के मूल्य बेहद मर्यादापूर्ण, संवेदनशील और जिम्मेदारी से भरे हैं। पत्रकारिता का धर्म केवल सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना और जनसरोकारों की आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार होने के नाते वे इस पेशे की चुनौतियों और गरिमा को भली-भांति समझते हैं तथा सदैव शुचितापूर्ण, निष्पक्ष और मूल्यपरक पत्रकारिता के पक्षधर रहे हैं।इस अवसर पर उन्होंने एनयूजेआई की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संगठन द्वारा पत्रकारिता के इन खोते हुए नैतिक मूल्यों और गरिमा को पुनः स्थापित करने के लिए जो निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, वे अत्यंत सराहनीय और समय की मांग हैं। इसके लिए पूरा संगठन साधुवाद का पात्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के राष्ट्रीय विमर्श से पत्रकारिता की विश्वसनीयता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा नई पीढ़ी को सकारात्मक मार्गदर्शन मिलेगा।
*लेखनी से पहचान बनाएं पत्रकार : राकेश थपलियाल*
एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल ने पत्रकारों के संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हर पत्रकार को जनसामान्य में अपनी लेखनी के दम पर पहचान स्थापित करनी चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और सम्मानजनक वेतनमान जैसे गंभीर विषयों पर तत्काल समाधान निकालने का आग्रह किया।
*250 रुपये में बिक रहे फर्जी प्रेस कार्ड, राष्ट्रीय रजिस्टर बने : रास बिहारी*
वरिष्ठ पत्रकार रास बिहारी ने पत्रकारिता की साख बचाने के लिए फर्जी पत्रकारों और फर्जी संगठनों पर सख्त लगाम लगाने की मांग उठाई। उन्होंने चिंता जताई कि आज सोशल मीडिया पर 250 से 1799 रुपये तक में पत्रकार बनाने के विज्ञापन चल रहे हैं, जहां बिना किसी अनुभव या संस्थान से जुड़ाव के प्रेस कार्ड बांटे जा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान तथाकथित पत्रकारों द्वारा मुख्यधारा के पत्रकारों से की गई अभद्रता और दर्ज हुई एफआईआर का हवाला देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं और चिकित्सकों की तरह पत्रकारों का भी एक व्यवस्थित राष्ट्रीय रजिस्टर बनना चाहिए। साथ ही उन्होंने राजनीतिक एजेंडा चलाने वाले पेड इन्फ्लुएंसर्स और वास्तविक पत्रकारों के बीच स्पष्ट अंतर करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान
-अधिवेशन में अतिथियों ने वरिष्ठ पत्रकार ओम चतुर्वेदी, दिलीप भाटी, शिव चरण शर्मा बीकानेर, रामजी लाल शर्मा,सैयद मुनव्वर अली, पिंकसिटी प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौड़ बिल्लू बना, दैनिक नवज्योति के रोहित सोनी, नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश थपलियाल, महासचिव राकेश कुमार शर्मा और कोषाध्यक्ष रामचंद्र कन्नोजिया, यूनियन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, पूर्व महासचिव प्रदीप तिवारी को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
जार राजस्थान ने किया अतिथियों का स्वागत
जार राजस्थान की मेजबानी में हो रहे इस अधिवेशन में प्रदेश संयोजक और एनयूजेआई के राष्ट्रीय महासचिव राकेश शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, प्रदेश महासचिव सुरेश पारीक, प्रदेश कोषाध्यक्ष कौशल मूंदड़ा, प्रदेश संगठन सचिव भंवर सिंह कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक वैष्णव आदि ने अतिथियों का साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। संचालन जार की प्रदेश उपाध्यक्ष मणिमाला शर्मा ने किया।
सम्मेलन में ‘पत्रकार सुरक्षा अधिनियम’ का प्रस्ताव पारित
अधिवेशन के दौरान हिमाचल प्रदेश यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंद्र देव आर्य ने राष्ट्रीय स्तर पर ‘पत्रकार सुरक्षा अधिनियम’ (Journalist Protection Act) लागू करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। पत्रकारों पर हमले, धमकी और झूठे मुकदमों से बचाने के लिए केंद्रीय अधिनियम बनाने, राष्ट्रीय, राज्य व जिला स्तर पर सुरक्षा समितियां गठित करने पर चर्चा हुई और प्रस्ताव पारित किए गए। यूनियन के संविधान संशोधन पर चर्चा करके अनुमोदन किया गया।
सादर प्रकाशनार्थ