सर्वाइकल कैंसर से बचाव को बहराइच में विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

Share

बहराइच। जनपद में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का विशेष अभियान शुरू किया है। टीकाकरण कवरेज अपेक्षा से कम रहने पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर इसे तेज करने के लिए व्यापक रणनीति बनाई गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं की लाइन लिस्ट तैयार कर ली गई है। इसमें उन किशोरियों को शामिल किया गया है जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार यह संख्या जनपद की कुल आबादी का लगभग एक प्रतिशत है। इस अभियान में आशा कार्यकर्ताओं के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भी सक्रिय रूप से जोड़ा गया है।read more:https://pahaltoday.com/mission-shakti-team-made-women-and-girls-aware-2/मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण एचपीवी संक्रमण है, जिससे बचाव के लिए यह टीका बेहद प्रभावी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि कोई भी पात्र बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिंह के अनुसार, हर महीने के तीसरे शुक्रवार को सभी उपकेंद्रों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को कम से कम पांच बालिकाओं को टीकाकरण सत्र तक लाने की जिम्मेदारी दी गई है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज के प्रभावशाली लोगों को भी जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा हर रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों में भी एचपीवी टीकाकरण की सुविधा प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *