एसपी देहात ने किया नीट (री) परीक्षा केंद्रों निरीक्षण, सम्बंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश

Share

सहारनपुर। नीट (री) परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने थाना कुतुबशेर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, गांधी पार्क तथा गुरु नानक इंटर कॉलेज, अंबाला रोड में चल रही परीक्षा का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, चेकिंग प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से परखा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि या बाहरी हस्तक्षेप को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त न किया जाए।read more:https://pahaltoday.com/mandal-president-celebrated-the-foundation-day-of-bjp/ साथ ही परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा एवं व्यवस्था के सभी मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं का निष्पक्ष आयोजन युवाओं के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस के समन्वय से परीक्षा सकुशल संपन्न होगी। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चैबंद दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *