सोनभद्र। दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तहसीलदार के निरीक्षण ने शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। स्कूल के शौचालय गंदे, पंखे बंद और विद्युत बोर्ड टूटा मिला। बच्चों के पेयजल स्थल पर सफाई का अभाव रहा, वहीं पानी की टोटी तक नहीं लगी मिली। हद तो यह रही कि विद्यालय की स्मार्ट क्लास भी महज दिखावा साबित हुई। निरीक्षण में इसकी व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली और बच्चों को इसका अपेक्षित लाभ मिलता नहीं पाया गया। एक ही परिसर में बुनियादी सुविधाओं की ऐसी बदहाली ने शिक्षा विभाग की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना है कि निरीक्षण के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या कमियां सुधारने का निर्देश देकर मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
छात्राओं से करेंगी संवाद, महिला अस्पताल व बालगृह का लेंगी जायजा
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं उप मंत्री स्तर प्राप्त चारु चैधरी 24 अगस्त को सोनभद्र के भ्रमण पर रहेंगी। अपने दौरे के दौरान वह छात्राओं से संवाद करने के साथ जिला महिला चिकित्सालय और बालगृह (बालिका) का निरीक्षण करेंगी। इसके अलावा सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याएं सुनेंगी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देंगी।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, चारु चैधरी पूर्वाह्न 10ः30 बजे विन्ध्य कन्या डिग्री कॉलेज पुसौली राबर्ट्सगंज पहुंचेंगी। यहां वह छात्राओं से शिक्षा, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण समेत विभिन्न विषयों पर सीधे संवाद करेंगी। इस दौरान छात्राओं की समस्याओं, सुझावों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली जाएगी। इसके बाद वह जिला महिला चिकित्सालय, राबर्ट्सगंज का निरीक्षण करेंगी। यहां महिलाओं को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों और मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जमीनी स्थिति परखी जाएगी। अपराह्न एक बजे सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई आयोजित होगी। इसमें जिले की महिलाएं अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगी। उपाध्यक्ष शिकायतों को सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देंगी। दौरे के अंतिम चरण में शाम 5ः15 बजे इन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित बालगृह (बालिका) का निरीक्षण करेंगी। यहां बालिकाओं के आवास, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेंगी।