शक्तिनगर, सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर चिल्काटांड़ मार्केट के सामने रविवार शाम करीब 5ः20 बजे दो वाहन आमने-सामने टकरा गए। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क निर्माण के दौरान पुलिया अधूरी छोड़ दिए जाने से इस स्थान पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क का निर्माण तो करा दिया, लेकिन चिल्काटांड़ मार्केट के सामने पुलिया का काम अब तक पूरा नहीं कराया गया। इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासी सुरेश, पंकज, मुकेश सहित अन्य लोगों ने बताया कि अधूरी पुलिया के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। रविवार को हुई वाहनों की टक्कर ने एक बार फिर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द पुलिया का निर्माण पूरा कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य पूरा होने तक पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग उठाई है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।