कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतें  पड़ रही भारी, कारोबारियों का फूटा गुस्सा—राष्ट्रपति से लगाई राहत की गुहार

Share
कायमगंज / फर्रुखाबाद  कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आसमान छूती कीमतों और लगातार हो रही किल्लत ने स्थानीय व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। हालात से परेशान व्यापारियों ने बुधवार को एक ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित  उपजिलाधिकारी कायमगंज की अनुपस्थिति में नायब तहसीलदार को सौंपा। इसमें गैस की बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लेने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है।read more:https://pahaltoday.com/%e2%82%b910-hike-in-frp-is-cheating-sugarcane-farmers-bhagat-singh-verma/व्यापारियों के अनुसार, 1 मई 2026 से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में अचानक भारी वृद्धि कर दी गई है। जहां पहले एक सिलेंडर लगभग 2080 रुपये में उपलब्ध था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 3171 रुपये तक पहुंच गई है। इस अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग, हलवाई, डेयरी और छोटे फूड व्यवसायों पर गहरा असर डाला है। व्यापारियों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है। यदि जल्द राहत नहीं मिली, तो छोटे व्यापारी व्यवसाय बंद करने को मजबूर हो सकते हैं, जिससे बेरोजगारी की समस्या और गंभीर हो जाएगी। ज्ञापन में गैस की कमी और कालाबाजारी पर भी चिंता जताई गई है। शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में सिलेंडरों की उपलब्धता बड़ी चुनौती बनती जा रही है, जिससे आयोजकों और व्यवसायियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
*मुख्य मांगें इस प्रकार रखी गईं*—
कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
घरेलू गैस की तरह ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली लागू की जाए।
वैकल्पिक ईंधन के लिए शोध समिति का गठन किया जाए।
बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए।
समारोहों के लिए मांग के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जाए।
अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जाए।
गोदाम से डिलीवरी पर अतिरिक्त शुल्क कम किया जाए।
जीएसटी दर 18% से घटाकर 5% की जाए।
उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की अनुमति दी जाए।
इसके अलावा, व्यापारियों ने प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों में पांच वर्षों के लिए ढील देने की मांग भी उठाई, ताकि छोटे उद्योग आर्थिक संकट से उबर सकें।
व्यापारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल, सभी की निगाहें केंद्र सरकार और राष्ट्रपति भवन की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।
इस दौरान उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश कुमार अग्रवाल के आह्वान पर नगर अध्यक्ष अमित सेठ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कौशल, जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, नगर महामंत्री संजीव अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी और व्यापारी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *