शक्तिनगर-औड़ी मोड़ मार्ग की बदहाली पर डीएम से शिकायत, आंदोलन की चेतावनी

Share

बीना, सोनभद्र। शक्तिनगर से औड़ी मोड़ होते हुए अनपरा-बीना मार्ग की जर्जर स्थिति, उड़ती धूल और जगह-जगह लग रहे जाम को लेकर समाजवादी मजदूर सभा के प्रदेश सचिव मुकेश सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समस्या के समाधान की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि शक्तिनगर से बीना तक सड़क कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कुछ दिन पूर्व लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के गड्ढों में गिट्टी डाली गई थी, लेकिन भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क की स्थिति फिर खराब हो गई। क्षेत्र में कोयला और राख लदे वाहनों की लगातार आवाजाही तथा खड़िया क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतार के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क पर जमा कोयले के चूरे और राख से धूल के गुबार उड़ने के कारण पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, विद्यार्थियों और मजदूरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/आरोप है कि कई स्थानों पर धूल इतनी अधिक रहती है कि सामने से आने वाला वाहन तक स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। नाऊ बस्ती के पास सड़क किनारे टेलर खड़े रहने से भी आवागमन बाधित होता है और जाम में स्कूल बसों, विद्यार्थियों तथा एंबुलेंस तक के फंसने की स्थिति बनती है। मुकेश सिंह ने कहा कि एनसीएल परियोजनाओं की ओर से पानी का छिड़काव और स्वीपिंग मशीन से सफाई किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन मौके का भौतिक सत्यापन कराया जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी। उन्होंने खड़िया, शक्तिनगर और परसवार राजा क्षेत्र की सड़कों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर मरम्मत, नियमित पानी का छिड़काव, सड़क किनारे खड़े टेलरों को हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी मजदूर सभा ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *