सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टिंग के नाम पर हो रही बिजली कटौती के विरोध में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि एक सप्ताह के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था नहीं सुधरी तो मोर्चा बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनभद्र ऊर्जा उत्पादन के लिहाज से महत्वपूर्ण जनपद है, इसके बावजूद यहां के ग्रामीण क्षेत्रों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि जनपद की बिजली से दूसरे क्षेत्रों को आपूर्ति दी जा रही है, जबकि सोनभद्र के लोग प्रदूषण की मार झेलने के साथ बिजली कटौती की समस्या भी भुगत रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/उन्होंने कहा कि यह स्थिति अब स्वीकार नहीं की जाएगी। संदीप मिश्र ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में रोस्टिंग के नाम पर बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के कारण ग्रामीण उपभोक्ताओं को मूलभूत सुविधा के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों को आवाज उठानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति का निर्धारित रोस्टर सार्वजनिक करने, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने की मांग की। मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में आकाश चैहान, शत्रुघ्न बिंद, संजय बियार, भोलू गुप्ता, विजय चैहान, दिनेश चेरो, बिंदू खरवार, विनय पासवान, सुमंत बिंद, हरिवंत बियार, रोहित मौर्या, अजय पटेल सहित बड़ी संख्या में नौजवान मौजूद रहे।