गाजीपुर। जनपद के समस्त थानों में बुधवार को प्रतिदिन की भांति जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत का संज्ञान लेते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना स्तर पर आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, अवैध कब्जा तथा अन्य विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण करते हुए शेष मामलों में विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। इस संबंध में थाना नंदगंज के प्रभारी निरीक्षक अतुल मिश्रा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है।read more:https://khabarentertainment.in/baba-sahebs-birth-anniversary-celebrated-at-sukrit-range-office-messages-of-social-awareness-given/ उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि फरियादियों को बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही जनसुनवाई के दौरान आए मामलों की नियमित समीक्षा भी की जा रही है। जनसुनवाई कार्यक्रम के चलते थानों में पारदर्शिता बढ़ी है और लोगों का पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है। आमजन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उनकी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो रही है, जिससे उन्हें राहत मिल रही है।