सुकृत रेंज कार्यालय में मनाई गई बाबा साहेब की जयंती, दिए सामाजिक जागरूकता के संदेश

Share

सोनभद्र। सुकृत वन रेंज कार्यालय पर डा भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आधुनिक भारत के निर्माता और भारतीय संविधान के जनक के रूप में बाबा साहेब को याद किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय वनाधिकारी हिमांशु कुमार ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिन विपरीत परिस्थितियों में उन्हें शिक्षा से वंचित करने का प्रयास किया गया, उसी संघर्ष ने उन्हें विश्व स्तर पर स्थापित किया। उन्होंने कहा कि कोलंबिया यूनिवर्सिटी और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से उच्च शिक्षा प्राप्त कर बाबा साहेब ने यह सिद्ध कर दिया कि ज्ञान किसी जाति या वर्ग की बपौती नहीं होता।read more:https://khabarentertainment.in/bijnor-police-achieves-major-success-inter-state-flat-thief-gang-busted-3-arrested/ उन्होंने बताया कि बाबा साहेब ने अपने जीवन में सामाजिक, राजनीतिक और कानूनी तीनों मोर्चों पर एक साथ संघर्ष किया। महाड़ सत्याग्रह और कालाराम मंदिर आंदोलन के माध्यम से सामाजिक अधिकारों की लड़ाई लड़ी, वहीं गोलमेज सम्मेलन में वंचित वर्गों की हिस्सेदारी की मजबूत पैरवी की। संविधान सभा की ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब केवल एक वर्ग विशेष के नेता नहीं थे, बल्कि मजदूरों के लिए 8 घंटे कार्य दिवस, महिलाओं को संपत्ति का अधिकार और देश के आर्थिक ढांचे के लिए महत्वपूर्ण विचार देने वाले दूरदर्शी नेता थे। कार्यक्रम में बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के संदेश को जीवन में अपनाने की बात कही गई। मौके पर विमल चैहान, अखिलेश्वर दूबे, आलोक, आनंद, सतीश, संतोष, अंकित, सुकृत ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *