शेरकोट । आगामी चुनावों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों को गति दे दी है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी रामप्रताप ने पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के ग्रामीण एवं नगरीय इलाकों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।थाना प्रभारी ने नाथाडोई, बालकिशनपुर, मंधौरा, कोपा और नया गांव सहित नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मतदान स्थलों पर पेयजल की उपलब्धता, बिजली की व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि चुनाव के दिन मतदाताओं और मतदान कार्मिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी रामप्रताप ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कमियों को दूर कराया जाएगा, जिससे मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।पुलिस प्रशासन की ओर से चुनावी तैयारियों के तहत मतदान केंद्रों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान दरोगा महेश, सिपाही अंकित और सुरेश गंगवार मौजूद रहे।