रामसनेहीघाट-बाराबंकी। शनिवार को विकास खण्ड बनीकोडर में कार्यरत पंचायत सहायकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्यमंत्री सतीश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मानदेय वृद्धि सहित सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की। दिये गये ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने लिखा है कि ग्राम पंचायतों में विभिन्न डिजिटल, प्रशासनिक और जनहित से जुड़े कार्यों का निरंतर निर्वहन कर रहे हैं। शासन की योजनाओं और डिजिटल सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उन्हें वर्तमान में मात्र 6,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।read more:https://khabarentertainment.in/103-patients-examined-in-health-camp-under-tb-free-india-campaign/पंचायत सहायकों का कहना है कि यह राशि वर्तमान महंगाई और जीवन-यापन की आवश्यकताओं के अनुरूप बेहद कम है। इतने कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक खर्चों का वहन करना अत्यंत कठिन हो गया है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से पंचायत सहायकों ने मांग की कि उनका मानदेय बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए। साथ ही, कम से कम उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू की जाए। उन्होंने अनुबंध व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली बनाने की भी मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर आयुष्मान कार्ड बनाने सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान दे रहे हैं। इसलिए उन्हें और उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाना चाहिए।राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने पंचायत सहायकों की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने ज्ञापन स्वीकार करते हुए संबंधित मांगों को शासन स्तर पर पहुंचाने का आश्वासन दिया।