गाजीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ का आयोजन जिला पंचायत सभागार में किया गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और केंद्र सरकार की नीतियों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला नेता साधना राय ने की।सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से महिलाओं की भागीदारी खेल, शिक्षा, राजनीति, प्रशासनिक सेवाओं और रक्षा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ी है।जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि यह कानून महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के साथ-साथ उनके सामाजिक, आर्थिक और मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इसे संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों की दिशा में एक प्रयास बताया।नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने भी इसे महिलाओं के सम्मान और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में मरदह ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह, पूर्व चेयरमैन शीला सोनकर, मीरा श्रीवास्तव, सरोज मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे। इस दौरान कुछ प्रतिभागियों ने गीत और सोहर के माध्यम से प्रस्तुति दी। संचालन किरन सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रीति गुप्ता ने दिया।कार्यक्रम से पूर्व महिलाओं ने पूर्व विधायक सुनीता सिंह के नेतृत्व में आम घाट से पदयात्रा निकाली, जो मिश्र बाजार, महुआबाग और अफीम फैक्ट्री होते हुए सरयू पांडेय पार्क पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने ‘सशक्त नारी, सशक्त भारत’ के नारे लगाए और जिलाधिकारी कार्यालय के सामने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया।इसके बाद जिला पंचायत परिसर में महिलाओं ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया।इस अवसर पर लालसा भारद्वाज, माया सिंह, रंजू शर्मा, कंचन गिरी, सुमन बिंद, प्रतिभा शर्मा, कौशल्या यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।