विधायक देवेंद्र निम ने किया अम्बेहटा चांद में योग, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान

Share

सहारनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अंबेहटा चांद स्थित जनता इंटर कॉलेज में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों, युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र निम ने भी क्षेत्रवासियों के साथ योग कर स्वस्थ जीवन और निरोगी समाज का संदेश दिया। योग शिविर का शुभारंभ प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम के अभ्यास से हुआ। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, कपालभाति और अनुलोम-विलोम सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक तनाव से भी मुक्ति पा सकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती व्यस्तताओं और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।read more:https://pahaltoday.com/retired-teachers-and-shikshamitras-honored-at-baragaon-brc/योग व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज वैश्विक पहचान बना चुका है और करोड़ों लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। यह भारत की संस्कृति और ज्ञान परंपरा का विश्व स्तर पर बढ़ता सम्मान है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संजय चेयरमैन, हरेन्द्र राणा, आशीष राणा, सुभाष ठाकुर, संदीप राणा, ब्रमपाल चैधरी, जगबीर चेयरमैन, प्रधान पवन सैनी, शीशपाल चैधरी, ओमप्रकाश ठाकुर एवं आचार्य सत्यव्रत सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *