बिजनौर । जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय स्थाई समिति की बैठक आयोजित की गई। शासन के निर्देशों के क्रम में गठित समिति में पुलिस अधीक्षक बिजनौर के प्रतिनिधि पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, समिति के संयोजक सदस्य सहायक निदेशक सूचना, चार मान्यता प्राप्त पत्रकार तथा एक ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हुए।जिलाधिकारी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पत्रकारों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर कराया जाएगा, जो प्रकरण जिला स्तर पर निस्तारित किए जा सकते हैं उनको जिला स्तर पर तथा जिन प्रकरणों का निस्तारण जिला स्तर पर संभव नहीं है उनको शासन को संदर्भित किया जाएगा।बैठक में सर्वप्रथम समिति के पत्रकार सदस्यों ने अपना-अपना परिचय दिया। सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला ने समिति की मूल भावना से समस्त सदस्यों को अवगत कराते हुए बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जिला स्तर पर पत्रकारों एवं जिला प्रशासन के बीच संबंधों को मधुर एवं सौहार्दपूर्ण बनाए रखने तथा प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तर पर पत्रकार स्थाई समिति का गठन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया जाता है।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ इस समिति में पुलिस अधीक्षक पदेन सदस्य ,सहायक निदेशक सूचना संयोजक सदस्य होते हैं। चार मान्यता प्राप्त पत्रकार तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के एक नामित प्रतिनिधि होते हैं।मान्यता प्राप्त पत्रकारों द्वारा मेडिकल कॉलेज में पत्रकारों के लिए के लिए अलग लाइन लगाने, थानों में आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठकों में पत्रकारों को आमंत्रित करने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, टोल प्लाजा पर पत्रकारों की निःशुल्क व्यवस्था करवाने, प्रेस क्लब बनवाने तथा जनपद के पत्रकार संजीव शर्मा की बेटी की मृत्यु की निष्पक्ष जांच करवाने सहित विभिन्न मुद्दे अध्यक्ष समिति जिलाधिकारी के समक्ष रखें। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरतापूर्वक सुना व उसके निस्तारण का आश्वासन दिया। सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चंदोला ने बताया कि मान्यता प्राप्त पत्रकार व उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर आयुष्मान मित्र के माध्यम से कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाया जाएगा इसकी सूचना अलग से मान्यता प्राप्त पत्रकारों को दी जाएगी। बैठक बड़े सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सिटी अभय कुमार पांडेय, मान्यता प्राप्त पत्रकारों में डॉ जमील अहमद,आसिफ अंसारी, शहजाद अंसारी, जहीर अहमद तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।