जखनिया/आजमगढ़: चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार रविवार रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर लगने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज आजमगढ़ के ग्लोबल हॉस्पिटल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार जखनिया क्षेत्र के अलीपुर मदरा निवासी अधिवक्ता अखिलानंद सिंह अपनी पत्नी सुनीता सिंह (45) के साथ अपने मित्र रजनीकांत पांडे (52) पुत्र रमाशंकर पांडे, संजय पांडे (45) पुत्र कमलाकांत पांडे और उनकी पत्नी अंतिमा पांडे (42) के साथ दस दिवसीय चारधाम यात्रा पर गए थे। यात्रा से लौटते समय उनकी कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।read more:https://pahaltoday.com/kgmc-team-inspected-the-arrangements-of-jal-jeevan-mission-in-jarota/
हादसा इतना भीषण था कि सुनीता सिंह और रजनीकांत पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अखिलानंद सिंह, संजय पांडे और अंतिमा पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल आजमगढ़ के ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि अखिलानंद सिंह, संजय पांडे और रजनीकांत पांडे जखनिया तहसील में अधिवक्ता हैं, जबकि सुनीता सिंह रामपुर मदरा प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका थीं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में आजमगढ़ पहुंच गए। तहसील परिसर में सन्नाटा छा गया और लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सुनीता सिंह अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी लखनऊ में और बेटा दिल्ली में पढ़ाई की तैयारी कर रहा है। मृतक रजनीकांत पांडे गाजीपुर जनपद के बुढ़ानपुर गांव के निवासी थे। हादसे के बाद पूरे जखनिया क्षेत्र समेत आसपास के गांवों में गहरा शोक व्याप्त है।