गाजीपुर जनपद के देवकली निवासी 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सिंह ने आज हैदराबाद स्थित मुख्यालय में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के दक्षिण जोन-II के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। यह जोन आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के साथ-साथ कुछ प्रमुख बंदरगाहों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालता है, जिससे यह पद राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। डॉ. सिंह को 16 मार्च 2026 को CISF में सेंट्रल डेपुटेशन मिला था। इससे पहले वे रायपुर पुलिस मुख्यालय में डीआईजी, सीसीटीएनएस/एससीआरबी के पद पर तैनात थे। अपनी सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले संतोष सिंह से नई भूमिका में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/tragic-accident-in-the-ganges-12-year-old-student-dies-after-falling-from-a-boat-mourning-spreads-in-the-tadighat-mallah-colony/गाजीपुर के वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार कुशवाहा के पुत्र संतोष सिंह की शैक्षणिक यात्रा भी बेहद शानदार रही है। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातक और परास्नातक किया, जहां वे टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट रहे। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एम.फिल किया और संयुक्त राष्ट्र के शांति निर्माण पर पीएचडी पूरी की। उनके शोध कार्य को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल द्वारा भी सराहा गया।अपने करियर में वे छत्तीसगढ़ के कई जिलों में एसपी/एसएसपी रहे हैं और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनका ‘निजात अभियान’ विशेष रूप से चर्चित रहा, जिसके लिए उन्हें इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस (IACP) अवॉर्ड सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि संतोष सिंह जैसे अनुभवी अधिकारी की तैनाती से दक्षिण भारत के औद्योगिक और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और मजबूत होगी। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ उनके करियर के लिए बल्कि पूरे गाजीपुर जिले के लिए गर्व का विषय है।