गाजीपुर। थाना शादियाबाद में तैनात उपनिरीक्षक राजबली यादव के निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।उपनिरीक्षक राजबली यादव मूल रूप से जनपद गोरखपुर के निवासी थे। रविवार 20 सितंबर को अचानक हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें उपचार के लिए वर्धन हॉस्पिटल, वाराणसी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।सोमवार 21 सितंबर को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल लाया गया। यहां पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत उपनिरीक्षक के कर्तव्य एवं सेवाओं को स्मरण करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। श्रद्धांजलि के बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके मूल निवास जनपद गोरखपुर रवाना किया गया।