गाजीपुर जखनियां। श्री महंथ रामाश्रय दास पी.जी. कॉलेज, भुड़कुड़ा में चल रहे ‘नारी शक्ति वंदन प्रचार अभियान’ (10 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026) के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रभावशाली कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह एवं डॉ. शेषनाथ यादव के नेतृत्व में छात्राओं ने जागरूकता पदयात्रा निकाली और मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया। पदयात्रा महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर महिला अधिकारों के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। “हम लड़ेंगे, जब तक दुनिया में लड़ने की जरूरत बाकी है” और “लड़े बिना कुछ नहीं मिलता” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। छात्राओं ने महिला अधिकारों और आरक्षण के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करते हुए केंद्र सरकार के महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया और इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।read more:https://khabarentertainment.in/59-employees-engaged-in-the-counting-work-were-trained/ पदयात्रा के बाद छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर नारी एकता का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने यह भी चिंता जताई कि देश में उच्च पदों पर महिलाओं की भागीदारी के बावजूद आपसी एकता की कमी के कारण नारी उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर अपेक्षित आवाज नहीं उठ पाती। उन्होंने कहा कि व्यापक जागरूकता ही इस स्थिति में सुधार ला सकती है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बृजेश कुमार जायसवाल संरक्षक एवं मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. रमेश कुमार एवं डॉ. धर्मेंद्र कुमार मौर्य के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।