गाजीपुर जखनियां । जखनिया क्षेत्र के वृंदावन स्थित महामंडलेश्वर श्री बालकृष्ण यति इंटर कॉलेज परिसर में 21 अप्रैल को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। इस दिन प्रख्यात समाजसेवी, संस्थापक एवं पूर्व ग्राम प्रधान स्वर्गीय विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण प्रातः 10 बजे किया जाएगा। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा उपस्थित रहेंगे, जो प्रतिमा का अनावरण करेंगे। कार्यक्रम में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।विद्यालय के प्रधानाचार्य कृपा शंकर सिंह ने बताया कि स्वर्गीय विजय बहादुर सिंह ने लगभग पांच दशक पूर्व ग्रामीण अंचल में शिक्षा की अलख जगाने का जो संकल्प लिया था, वह आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और शिक्षा के प्रति समर्पण ने हजारों विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा दी।read more:https://khabarentertainment.in/aaradhya-choudhary-brought-laurels-to-her-school-and-parents-by-scoring-95-in-her-class-10-cbse-exams/विद्यालय के प्रबंधक दयाशंकर सिंह ने कहा कि स्वर्गीय सिंह अत्यंत सरल, मिलनसार और उदार व्यक्तित्व के धनी थे। समाजसेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य रहा। ग्राम प्रधान के रूप में उन्होंने वर्षों तक जनता की सेवा करते हुए क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी और अपनी अलग पहचान स्थापित की। समारोह में महामंडलेश्वर श्री बालकृष्ण कन्या महाविद्यालय हथियाराम के प्राचार्य डॉ. रत्नाकर त्रिपाठी सहित शिक्षा, समाजसेवा और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिवार द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारस नाथ राय, पीजी कॉलेज कुड़कुड़ा के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार मिश्रा, इन्द्रजीत सिंह ‘अंटू’, अनिल कुमार सिंह, जयशंकर सिंह, लालजी शाही, सुभाष सिंह, प्रदीप सिंह, संजीव सिंह कुशवाहा, कामता यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और तैयारियों का जायजा लिया।