केसीसी ऋण जमा कराने के नाम पर किसान से ठगी

Share

बाराबंकी। जिले में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का ऋण जमा कराने के नाम पर एक बैंक मित्र पर गरीब किसान से 35 हजार रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित किसान का कहना है कि उसने बैंक मित्र पर भरोसा कर नकद रकम दी थी, लेकिन न तो पैसा बैंक में जमा किया गया और न ही वापस लौटाया गया। आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस और आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। दरियाबाद थाना क्षेत्र के जलपापुर मजरे मीननगर निवासी हरिवंश पुत्र जसकरन ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह गरीब एवं अशिक्षित किसान है। उसने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की दरियाबाद शाखा से केसीसी के माध्यम से ऋण लिया था। पीड़ित के अनुसार, ऋण की किस्त जमा कराने के उद्देश्य से उसने क्षेत्र के बैंक मित्र लल्लन पुत्र उजागर को अपने घर बुलाकर 35,000 रुपये नकद दिए थे। बैंक मित्र ने भरोसा दिलाया था कि वह पूरी धनराशि किसान के ज्ञब्ब् ऋण खाते में जमा कर देगा, लेकिन बाद में पता चला कि न तो पैसा बैंक में जमा किया गया और न ही उसे वापस लौटाया गया। पीड़ित का आरोप है कि जब उसे धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उसने कई बार आरोपी से पैसे वापस मांगे, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा।read more:https://pahaltoday.com/mandal-president-celebrated-the-foundation-day-of-bjp/ मजबूर होकर उसने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। हरिवंश के मुताबिक उसने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत संख्या 40017628043097 एवं 92617600046223 दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी बैंक मित्र से पूछताछ की थी, जिसमें उसने स्वयं किसान से 35 हजार रुपये लेने की बात स्वीकार की थी और जल्द पैसा लौटाने का आश्वासन भी दिया था। इसके बावजूद आज तक न तो रकम वापस की गई और न ही आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कानूनी कार्रवाई की गई। पीड़ित किसान का आरोप है कि अब जब भी वह अपनी मेहनत की कमाई वापस मांगता है तो आरोपी फोन पर गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। इससे उसका पूरा परिवार भयभीत है। किसान का कहना है कि उसके पास आरोपी बैंक मित्र को पैसे देते समय का वीडियो तथा फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिसे वह जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। हरिवंश ने बताया कि बैंक मित्र द्वारा रकम हड़प लेने के कारण वह अपना ज्ञब्ब् ऋण समय पर जमा नहीं कर पा रहा है। इससे उसके ऊपर ब्याज और अन्य आर्थिक देनदारियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उसके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित किसान ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी बैंक मित्र के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसकी 35 हजार रुपये की रकम वापस दिलाई जाए, ताकि वह अपना केसीसी ऋण जमा कर सके। किसान ने अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *