बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बेगमपुर का औचक निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक एवं आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से आत्मीय संवाद किया तथा पठन-पाठन की स्थिति और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से 17, 14 और 19 के पहाड़े सुनकर उनकी शैक्षिक समझ को परखा तथा उन्हें पढ़ाई के प्रति सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। नामांकन के सापेक्ष छात्राओं की उपस्थिति कम मिलने पर डीएम ने वार्डेन से जानकारी ली। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित वार्डेन से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक नामांकित छात्रा की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।गणित विषय की पूर्णकालिक शिक्षिका कायनात खानम से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं की विषयगत समझ का भी आकलन किया।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteअपेक्षित स्तर की जानकारी न मिलने पर उन्होंने बीएसए के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनकी सीखने की क्षमता और विषयगत समझ को मजबूत करना आवश्यक है।इसके बाद डीएम ने विद्यालय की रसोई और भंडार गृह का निरीक्षण कर भोजन में उपयोग की जा रही खाद्य सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि शासन के मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का प्रयोग किया जाए और छात्राओं को स्वच्छ, पौष्टिक एवं मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में डीएम ने छात्राओं को स्टडी टेबल, डस्टर और मार्कर भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।