नींद की झपकी आने से बेकाबू हुई कार ने पैदल जा रहे युवक को रौंदा, अस्पताल में तोड़ा दम

Share
शेरकोट । शेरकोट-मुबारकपुर मार्ग पर कुंडे के निकट तेज रफ्तार अनियंत्रित कार की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक खेत से पैदल अपने घर लौट रहा था। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने सीएचसी धामपुर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर निवासी कल्सटन पुत्र लुटस अपने साथी आशीष पुत्र टिंकू के साथ मुरादाबाद के टांडा से कार द्वारा विकासनगर लौट रहे थे। बताया जाता है कि शेरकोट-मुबारकपुर मार्ग पर कुंडे के निकट पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल जा रहे मुबारकपुर निवासी प्रंकुश (22) पुत्र भूपेंद्र को टक्कर मारते हुए चपेट में ले लिया।हादसे में प्रंकुश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सीएचसी धामपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। कम उम्र में परिवार के सदस्य की मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थानाध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *