जिससे मिलनी थी राहत, वही बनी आफत ! नमामि गंगे के अधूरे कार्यों ने बढ़ाई ग्रामीणों की मुसीबत

Share

बीजपुर, सोनभद्र। हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के दावे के साथ संचालित नमामि गंगे परियोजना बीजपुर क्षेत्र में अपनी बदहाल कार्यप्रणाली को लेकर सवालों के घेरे में है। पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों और रास्तों की खुदाई कर उन्हें अधूरा छोड़ दिया गया है। कहीं पाइपलाइन से लगातार पानी रिस रहा है तो कहीं पाइप फटने से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। जिस परियोजना से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद थी, वही अब उनके लिए आफत बनती जा रही है।क्षेत्र में जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क और रास्तों पर पानी बह रहा है। वहीं, खुदाई के बाद गड्ढों को समुचित तरीके से नहीं भरने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। रात के अंधेरे में खुले गड्ढे किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसके बावजूद संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल दिखाई नहीं दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। पाइपलाइन बिछाने के बाद रास्तों की मरम्मत और गड्ढों को सुरक्षित तरीके से भरने की जिम्मेदारी भी गंभीरता से नहीं निभाई जा रही है। जगह-जगह पानी का रिसाव परियोजना के रखरखाव और निगरानी व्यवस्था की पोल खोल रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी धन से संचालित इतनी महत्वपूर्ण परियोजना में इस तरह की लापरवाही पर निगरानी कौन कर रहा है। पाइपलाइन फटने और पानी बर्बाद होने के बाद भी मरम्मत में देरी क्यों हो रही है। क्या विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की परेशानी और संभावित हादसों का इंतजार है। स्थानीय ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से परियोजना के निर्माण कार्यों और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की तत्काल मरम्मत, पानी के रिसाव पर रोक लगाने तथा खुदाई से बदहाल हुए रास्तों को दुरुस्त कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *