बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त विनियमित क्षेत्रों से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलवार विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान धामपुर के विनियमित क्षेत्र में अवैध निर्माण का मामला सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए एसडीएम धामपुर को संबंधित अवैध निर्माण के मामले में अवर अभियंता (जेई) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रकरण की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विनियमित क्षेत्रों में निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्र में निर्माण कार्यों पर निगरानी रखें और किसी भी अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करें।बैठक में विभिन्न प्रकरणों से जुड़े प्रतिवादियों के अधिवक्ताओं ने भी अपना पक्ष रखा। जिलाधिकारी ने संबंधित तथ्यों पर विचार करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित तहसीलों के अधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।