नमक की आड़ में शराब तस्करी का खेल बेनकाब

Share
बिजनौर। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चांदपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान नमक की बोरियों की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित 327 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर ट्रक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 3150 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार चौकी बवनपुरा पर स्थापित बैरियर पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रक संख्या UP53ET8866 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में नमक के 650 कट्टे लदे हुए थे। जब पुलिस ने गहनता से जांच की तो नमक के कट्टों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की 327 पेटियां बरामद हुईं। तस्करों ने शराब को इस तरह छिपाया था कि ऊपर से देखने पर ट्रक में केवल नमक ही नजर आए।मौके से पुलिस ने अनिल कुमार पाण्डेय निवासी गोपालगंज (बिहार) और शीशपाल कुशवाहा निवासी कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रक चालक और क्लीनर हैं।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
पुलिस के मुताबिक, कुशीनगर निवासी विकास नामक व्यक्ति ने शराब से भरा ट्रक पहुंचाने के बदले चालक को 20 हजार रुपये और ट्रक निर्धारित स्थान पर पहुंचाने पर 30 हजार रुपये अतिरिक्त देने का लालच दिया था। इसके अलावा प्रतिदिन 500 रुपये खाने-खर्च के लिए देने की बात कही गई थी।पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ में ट्रक में शराब भरवाने के बाद नमक के बिल और ट्रांसपोर्ट के कागजात दिए गए, ताकि रास्ते में चेकिंग के दौरान नमक का परिवहन दिखाया जा सके। आरोपी चंडीगढ़ से मेरठ, गजरौला, धनौरा और बिजनौर होते हुए कुशीनगर जा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने शराब बिहार में बेचने की योजना की बात भी बताई।बरामद शराब में ओल्ड हैबिट व्हिस्की की 291 पेटियां तथा सुपर जुबली और रॉयल मेंशन ब्रांड की कुल 36 पेटियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह शराब केवल केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अनुमन्य थी।इस मामले में थाना चांदपुर में मुकदमा अपराध संख्या 680/2026 के तहत बीएनएस और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।अभियान में प्रभारी निरीक्षक सुधीर पंवार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र राठी, स्वाट प्रभारी शौकत अली सहित चांदपुर पुलिस, स्वाट टीम और आबकारी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *