बड़हलगंज उपनगर के अम्बेडकर तिराहे पर स्थित एक कॉफी शॉप में घुसकर कुछ लोगों ने दुकानदार और उसके साथी पर हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुकानदार ने आठ नामजद सहित कुल 20 लोगों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
पीड़ित शशि सोनकर, जो काली चौरा बड़हलगंज के निवासी हैं, अम्बेडकर तिराहे पर यह कॉफी शॉप चलाते हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात लगभग 09:35 बजे वह अपने साथी अमन सोनकर के साथ दुकान पर मौजूद थे।read more:https://worldtrustednews.in/three-blood-heroes-donated-blood-on-the-occasion-of-lord-parshuram-jayanti/
तभी अचानक 15-20 लोग, जिनमें नितेश भारती, रितेश भारती, आजाद भारती, सुंदरम भारती, शांति राम, निखिल कुमार, सिक्किम भारती और साहिल भारती (सभी ग्राम ठाकुरहिया और आसपास के निवासी) शामिल थे, लाठी-डंडों, लोहे की रॉड, फाइटर और हाथ के कड़ों के साथ दुकान में घुस आए। उन्होंने बिना किसी उकसावे के दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया और बुरी तरह पीटा। हमले में शशि सोनकर और अमन सोनकर को गंभीर चोटें आईं, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए। हमलावरों ने दुकान में रखे सामान की भी तोड़फोड़ की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित शशि सोनकर ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष सुनिल राय ने कहा कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।